बुधवार, 1 अप्रैल 2026

MP: 1 अप्रैल से बिजली महंगी, ब्रेड-साबुन समेत इन चीजों के बढ़े दाम, जानें नए रेट

1 अप्रैल से नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में बिजली की दरों में 4.80 फीसदी की वृद्धि लागू हो गई है। साथ ही ब्रेड, डिटर्जेंट, साबुन जैसी रोजमर्रा की चीजों से लेकर टोल प्लाजा और रेलवे टिकट कैंसिलेशन के नियमों में भी बदलाव हुए हैं। नए लेबर कोड भी लागू हो गए हैं, जिससे सैलरी स्लिप का गणित बदल जाएगा।

आज यानी 1 अप्रैल 2026 से मध्य प्रदेश में कई वस्तुओं और सेवाओं की दरों में संशोधन लागू हो गया है। राज्य में बिजली की दरों में 4.80 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जिससे घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

MP: 1 अप्रैल से बिजली महंगी, ब्रेड-साबुन समेत इन चीजों के बढ़े दाम

"प्रतीकात्मक फोटो:

बिजली से लेकर ब्रेड तक, इन चीजों के बढ़े दाम

नए वित्त वर्ष में दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं के दामों में 20 से 25 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। आमतौर पर 30 रुपये में मिलने वाली ब्रेड अब 35 रुपये में उपलब्ध होगी। इसके अलावा डिटर्जेंट और साबुन जैसे घरेलू उत्पाद भी महंगे हो गए हैं। लग्जरी घड़ियों पर टैक्स बढ़ने से उनकी कीमतों में भी इजाफा हुआ है।

टोल प्लाजा पर केवल ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य

1 अप्रैल से प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर कैश भुगतान बंद कर दिया गया है। अब वाहन चालकों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही टोल टैक्स जमा करना होगा। वहीं फास्टैग की दरों में भी वृद्धि की गई है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी टोल टैक्स में पांच से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अंतरराज्यीय यात्रियों पर असर पड़ेगा।

रेलवे टिकट कैंसिलेशन और सैलरी से जुड़े बड़े बदलाव

रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन के नियमों में संशोधन किया है। अब ट्रेन छूटने से आठ घंटे पहले तक ही टिकट कैंसिल करने पर रिफंड मिलेगा। पहले यह समय सीमा चार घंटे थी। इसके अलावा नए लेबर कोड लागू हो गए हैं, जिसके तहत बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता मिलाकर कुल वेतन का 50 फीसदी होना अनिवार्य है। इससे पीएफ और ग्रेच्युटी में कटौती बढ़ेगी, जबकि हाथ में मिलने वाला वेतन घट सकता है।

एटीएफ के दाम दोगुने, फ्लाइट टिकट पर संभावित असर

तेल कंपनियों ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। दिल्ली में यह दर 1 मार्च 2026 के 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 2,07,341 रुपये हो गई है। एटीएफ महंगा होने से एयरलाइंस का परिचालन खर्च बढ़ेगा, जिसका असर हवाई यात्रा के किराये पर पड़ सकता है।

यह जानकारी केवल सामान्य उद्देश्यों के लिए है। अधिक जानकारी के लिए हमारे Disclaimer पेज देखें।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें