बुधवार, 25 मार्च 2026

हरिद्वार: पशु कटान और क्रूरता में संलिप्त 57 गिरोहों के 162 आरोपी चिह्नित, गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

हरिद्वार पुलिस ने जिले में संरक्षित पशुओं के अवैध कटान और पशु क्रूरता के मामलों में संलिप्त 57 गिरोहों के 162 आरोपियों को चिह्नित किया है। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 67 आरोपियों को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिले में गोकशी और पशु क्रूरता के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 कोतवाली और थाना क्षेत्रों में ऐसे अपराधों में संलिप्त तत्वों की व्यापक स्तर पर पहचान की गई।

हरिद्वार: पशु कटान में 57 गिरोहों के 162 आरोपी चिह्नित

गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

एसएसपी भुल्लर ने बताया कि चिह्नित 162 आरोपी अलग-अलग 57 गिरोहों से जुड़े हैं। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 67 आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन आरोपियों को जिला बदर करने के साथ ही उनकी संपत्ति जब्त करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों से ऐसे आदतन अपराधियों की विस्तृत जानकारी तलब की है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस इनके आपराधिक इतिहास के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करेगी।

बार-बार लिप्त पाए जाने पर सख्ती

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति बार-बार पशु कटान और पशु क्रूरता के मामलों में लिप्त पाए जाएंगे, उन्हें भारी धनराशि के मुचलकों से पाबंद किया जाएगा। यदि कोई आरोपी मुचलका तोड़ता है तो उसकी पाबंद धनराशि भी जब्त कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आमजन से अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध पशु कटान या पशु क्रूरता की गतिविधि हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या गौवंश संरक्षण टीम को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी और विभिन्न मीडिया स्रोतों पर आधारित है। समाचार लिखे जाने के समय तक प्राप्त तथ्यों के अनुसार प्रस्तुत किया गया है। स्थिति में बदलाव संभव है और आधिकारिक पुष्टि के बाद अपडेट किया जा सकता है। 



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें