सोमवार, 30 मार्च 2026

भोपाल: 'बेटा' कहकर समझाने पर चाकू से हत्या, विवाद के बाद परिजनों ने किया चक्काजाम

भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। 35 वर्षीय व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम करके हंगामा किया। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मृतक विजय मेवाड़ा (35) सुभाष कॉलोनी निवासी थे और अशोका गार्डन तथा कोलार इलाके में चाय की दुकान चलाते थे। घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे की है, जब वह अपनी दुकान बंद कर कर्मचारियों को प्रगति नगर छोड़ने गए थे।

भोपाल: 'बेटा' कहकर समझाने पर चाकू से हत्या, विवाद के बाद परिजनों ने किया चक्काजाम

विवाद की शुरुआत और हमला

पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर में मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा था। सभी आरोपी मृतक के कर्मचारियों के परिचित बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन कर्मचारियों के मना करने पर उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब विजय मेवाड़ा ने इसका विरोध किया और आरोपी आसिफ को 'बेटा' कहकर समझाने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार आरोपी आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया, जबकि उसके साथियों ने भी मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

चक्काजाम और प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह मृतक के परिजन और स्थानीय लोग सुभाष कॉलोनी में सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद करीब आधे घंटे में जाम खोला जा सका। इसके बाद परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के सामने भी परिजनों ने हंगामा किया, जहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामला मामूली विवाद का है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि घायल विजय को कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह जानकारी केवल सामान्य उद्देश्यों के लिए है। अधिक जानकारी के लिए हमारे Disclaimer पेज देखें।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें