पुजारी अपहरण मामले में हुई थी गिरफ्तारी
दरअसल, आकाश को बुधवार को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई एक पुजारी के अपहरण और उससे फिरौती मांगने के मामले में की गई थी। पुलिस के अनुसार, आकाश और उसके साथियों ने 10 मार्च को संजीव नगर निवासी एक पुजारी का अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने पुजारी को बंधक बनाकर उसके भाई से 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पीड़ित से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये ऑनलाइन वसूले गए थे। आरोपियों ने बाकी साढ़े सात लाख रुपये पांच किस्तों में देने की बात कही थी। फिरौती न देने पर पुजारी को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी भी दी गई थी। 11 मार्च को पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू हुई।
गैंगस्टर पर कई गंभीर मामले दर्ज
गिरफ्तार गैंगस्टर आकाश उर्फ भूरा हड्डी पर हत्या सहित करीब 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 18 मार्च 2024 को भोपाल सेंट्रल जेल के बाहर हुई भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाह की हत्या का मुख्य आरोपी है। इस मामले में करीब 18 महीने जेल में रहने के बाद वह चार माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था। आकाश का गिरोह 'इलीगल गैंग' के नाम से जाना जाता है, जो 2018 से कोहेफिजा, ईदगाह हिल्स और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। गिरोह के करीब 50 से अधिक सदस्य हैं, जिनकी गर्दन पर 'इलीगल' का टैटू बना है। यह गिरोह अवैध शराब तस्करी, रंगदारी, जुआ और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों में लिप्त रहा है।
पुलिस ने पांच साथियों समेत आकाश को भेजा रिमांड पर
पुलिस ने आकाश के अलावा उसके पांच साथियों राजमजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खानगे और अमित ओसवाल को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करने के लिए उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया है कि आकाश को शादी के लिए पैसों की जरूरत थी, जिसके लिए उसके साथी आकाश उपाध्याय ने पुजारी को अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल गिरोह की एक महिला सदस्य की तलाश जारी है, जिसने इस वारदात को अंजाम देने में मदद की थी।
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी और विभिन्न मीडिया स्रोतों पर आधारित है। समाचार लिखे जाने के समय तक प्राप्त तथ्यों के अनुसार प्रस्तुत किया गया है। स्थिति में बदलाव संभव है और आधिकारिक पुष्टि के बाद अपडेट किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें