मध्य प्रदेश में चक्रवात अर्नब का प्रभाव, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। मौसम विभाग के अनुसार इससे मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और भारी बारिश की संभावना है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ रहा है।

मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग ने बताया कि यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर की सुबह टकराया। तटीय इलाकों में 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक तूफानी हवाओं की आशंका जताई गई है। इसी प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन-चार दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।

28 अक्टूबर को 36 जिलों में चेतावनी

बुधवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। सिंगरौली, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी वज्रपात और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है।

गुरुवार को कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट

गुरुवार को सिंगरौली, सीधी और मऊगंज में अति भारी वर्षा, झंझावत और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां में चमक-गरज के साथ हल्की हवाएं चल सकती हैं। रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और मैहर में भारी बारिश की चेतावनी है। कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा में भी मौसम खराब रहने की आशंका है।

शुक्रवार और शनिवार को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में गरज-चमक के साथ बौछारें तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है। रविवार को अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। सोमवार से बारिश और तूफान में कमी आने की उम्मीद है।

चक्रवात के प्रभाव और बादलों की आवाजाही से प्रदेश में ठंड का अहसास भी बढ़ रहा है। सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में 17.4, इंदौर में 16.4, ग्वालियर में 16.1, जबलपुर में 19.3 और उज्जैन में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवात के आगे बढ़ने के बाद रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

Author

  • इसरत फातिमा

    इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement