जम्मू के लोअर रूप नगर में जांच में पता चला, गुरुवार को नीरज उर्फ अंशु के जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोस्त पवन नायर उर्फ समीर ने उसके चेहरे पर केक लगाया। इससे कहासुनी हुई। गुस्से में नीरज ने चाकू निकाला और नायर की गर्दन पर हमला कर दिया। घायल नायर को दोस्तों ने जीएमसी जम्मू पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जम्मू में जन्मदिन पार्टी में केक लगाने को लेकर विवाद
जम्मू पुलिस के अनुसार गुरुवार को लोअर रूप नगर के पास सड़क पर नीरज उर्फ अंशु अपना जन्मदिन मना रहा था। वहां उसके दोस्त जॉन सोट्रा, गौरव सिंह, सुगंध भट्टी और पवन नायर उर्फ समीर मौजूद थे। नीरज के भाई रिशु भी वहां थे। केक काटते समय नायर ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, उपस्थित लोगों ने दोनों को शांत करने की कोशिश की। हालांकि गुस्से में नीरज ने अपने पास रखा चाकू निकाला और नायर की गर्दन पर वार कर दिया। इससे नायर को गंभीर चोट आई।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया
घायल नायर को उसके दोस्त जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, जीएमसी पुलिस चौकी ने जानीपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी, वारदात की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जानीपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। नीरज और उसके भाई रिशु दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों फिलहाल जानीपुर पुलिस स्टेशन में हिरासत में हैं।
अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की प्रक्रिया चल रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है। जम्मू पुलिस ने कहा है कि कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।







