ग्वालियर हादसे के बाद सीएम मोहन यादव का एक्शन, सीएसपी हटाए गए और आठ पुलिसकर्मी निलंबित

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में कार्रवाई की है। झांसी रोड के सीएसपी को हटाया गया है और आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है।

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पुलिस महकमे में कार्रवाई की गई है। झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटा दिया गया है, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं।

दो मंत्रियों को ग्वालियर भेजा

मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को शक्ति देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की है, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement