झांसी में कार दुर्घटना में गैंगस्टर अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। अब सवाल है कि क्या कार चालक मोहम्मद जैद पर हत्या का मामला बनेगा या मामला सड़क दुर्घटना तक सीमित रहेगा।
झांसी। तेज रफ्तार क्रेटा कार के डिवाइडर से टकराकर पलटने से हुए हादसे में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और उनके साथी सोनू की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के समय कार मोहम्मद जैद चला रहा था, जबकि कार में सवार उमर अहमद और असलम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चालक मोहम्मद जैद भी इस हादसे में बाल-बाल बच गया।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा कानूनी सवाल यह उठ रहा है कि क्या मोहम्मद जैद पर अबान और सोनू की हत्या का मुकदमा चलेगा या मामला केवल सड़क दुर्घटना और लापरवाही से मौत तक सीमित रहेगा। भारतीय कानून में इसका जवाब घटना के परिणाम से नहीं, बल्कि चालक के इरादे, जानकारी और लापरवाही के स्तर से तय होता है।
क्या सड़क हादसे में हत्या का केस बनता है?
सामान्य तौर पर सड़क दुर्घटना में किसी की मौत होने पर चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता। हत्या का अपराध बनाने के लिए यह साबित करना जरूरी होता है कि आरोपी ने मौत करने के इरादे से हादसा किया हो, ऐसी चोट पहुंचाने का इरादा रखा हो जिससे मौत होना स्वाभाविक था या ऐसा बेहद खतरनाक काम किया हो जिसके बारे में उसे स्पष्ट जानकारी थी कि उससे लगभग निश्चित रूप से किसी की मौत होगी।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 101 हत्या की इन्हीं परिस्थितियों को परिभाषित करती है। केवल तेज गति, नियंत्रण खोना या डिवाइडर से टकरा जाना अपने आप में हत्या साबित नहीं करता। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मोहम्मद जैद और मृतकों के बीच कोई दुश्मनी नहीं थी, उसने जानबूझकर कार नहीं टकराई और दुर्घटना केवल तेज या लापरवाही से ड्राइविंग के कारण हुई, तो उस पर हत्या की धारा लगने की संभावना कम होगी।
इन धाराओं के तहत हो सकती है कार्रवाई
ऐसी दुर्घटनाओं में मुख्य रूप से भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) लागू हो सकती है। यह धारा लापरवाही से ऐसा काम करने से संबंधित है, जिससे किसी व्यक्ति की मौत हो जाए लेकिन मामला गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में न आता हो। धारा 106 के तहत सामान्य लापरवाही से मौत के मामले में अधिकतम पांच साल की जेल और जुर्माना हो सकता है।
इसके अलावा, उमर अहमद और असलम के घायल होने के कारण बीएनएस की धारा 125 भी लग सकती है। यह धारा ऐसे जल्दबाजी या लापरवाही वाले काम पर लागू होती है, जिससे दूसरे व्यक्ति का जीवन या निजी सुरक्षा खतरे में पड़ जाए। चोट की प्रकृति के आधार पर सजा अलग हो सकती है। गंभीर चोट साबित होने पर तीन साल तक की कैद और जुर्माना हो सकता है।
यदि जांच में कार की गति निर्धारित सीमा से अधिक पाई जाती है तो मोटर वाहन अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। धारा 184 खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से संबंधित है, जिसमें पहली बार अपराध पर छह महीने से एक साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
क्या मोहम्मद जैद को किया जा सकता है गिरफ्तार?
यदि पुलिस को प्रथम दृष्टया लगता है कि मोहम्मद जैद तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, गिरफ्तारी अपने आप अनिवार्य नहीं है। पुलिस को अपराध की गंभीरता, आरोपी का जांच में सहयोग, फरार होने की आशंका और सबूतों से छेड़छाड़ के खतरे जैसे पहलुओं पर विचार करना होगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच रिपोर्ट और अदालत के निर्णय पर निर्भर करेगी।







