अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और बालिका की हत्या की, चार घायल; आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना-नानी और एक बालिका की हत्या कर दी। हमले में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। आरोपी प्रेम सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना से पहले शुक्रवार को युवक ने एक पंडा से मारपीट की थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे बांध दिया था। पुलिस जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना करन पठार के सरई चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक गंभीर घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार युवक प्रेम सिंह, निवासी ग्राम मरदरी थाना नौरोजाबाद, करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर आया था, शुक्रवार को किसी बात को लेकर आरोपी ने सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से मारपीट कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। बताया जा रहा है कि मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया।

रस्सी खुलते ही हमला

रस्सी से मुक्त होते ही आरोपी ने पहले अपनी मां पर हमला किया। इसके बाद नाना संपत और नानी भन्नी पर लाठी-डंडे से प्रहार किया। हमले में तीनों की मौत होने की सूचना हैं। फिर उसने मामा चैन सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया, हमले में पांच वर्षीय मोनका सिंह की भी मौत हो गई। बहन भारती और चंचल घायल हैं। सभी घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। पंडा गंगा सिंह का भी इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर एसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस मौजूद है। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले भी आरोपी ने अपने गांव मरदरी में मां से मारपीट की थी, जिसके बाद मामला दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था। आरोपी को ग्राम मरदरी का उपसरपंच बताया जा रहा है। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। मृतकों और घायलों की आधिकारिक जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Author

  • मैं अनामिका गुप्ता, एक पत्रकार हूँ। पिछले 5 वर्षों में मैंने ब्रेकिंग, राजनीति, अपराध, सामाजिक, मनोरंजन, टेक्नोलोजी, खेल, विज्ञान, वित्त एवं निवेश और प्रौद्योगिकी मुद्दों और फीचर स्टोरीज़, हर विधा में काम किया है। जटिल मामलों को सरल भाषा में समझाना मेरी कला है और निष्पक्ष रिपोर्टिंग मेरी पहचान। इस वेबसाइट पर मैं पाठकों तक सच्चाई पहुँचाने का काम करती हूँ।

📢 Sponsored
Property Advertisement