भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह चलती बाइक पर 21 वर्षीय युवक इखलास ताशी की हत्या हो गई। पुलिस के अनुसार पीछे बैठे दोस्त अलीम उर्फ अल्लू ने सिर से सटाकर गोली चलाई। तीनों दोस्त मछली पकड़ने जा रहे थे। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुरानी रंजिश को संभावित वजह माना जा रहा है।
भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह एक युवक की चलती बाइक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। निशातपुरा पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास ताशी के रूप में हुई है। वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी था और पेंटरी का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक ताशी अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली पकड़ने जा रहा था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था। ताशी बीच में बैठा था जबकि अलीम पीछे बैठा था। इस दौरान अलीम ने पिस्टल निकालकर ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, हत्या के बाद अलीम ने बाइक चला रहे युवक को पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया। वहां पहुंचने के बाद अलीम फरार हो गया। बाइक चला रहा युवक घटनास्थल पर वापस लौटा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्यूरी भेज दिया। स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए थे।
15 दिन पहले विवाद हुआ था
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट हुई थी जिसमें ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार समझौते के बावजूद अलीम के मन में रंजिश बनी रही हो सकती है। इसी रंजिश को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच चल रही है।







