उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में बुधवार सुबह भारी बारिश के कारण एक मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में 38 वर्षीय रोशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी वंदना और 7 वर्षीय बेटा नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह आठ बजे कोठी से गेहूं निकाल रहा था व्यक्ति
गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में बुधवार सुबह भारी बारिश के चलते एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से 38 वर्षीय रोशन, पुत्र गुड्डा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी वंदना और सात वर्षीय बेटा नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गए, परिजनों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे रोशन अपनी पत्नी वंदना और बेटे नैतिक के साथ घर में रखी कोठी से गेहूं निकाल रहा था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण मकान अचानक ढह गया और तीनों मलबे के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने मलबे से निकाला, दो घायल अस्पताल में भर्ती
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे की खोदाई कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक रोशन की मौत हो चुकी थी। हादसे में वंदना और नैतिक को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल गाजीपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के दौरान रोशन का चार वर्षीय छोटा बेटा सैनिक और तीन वर्षीय बेटी रोशनी मकान के दरवाजे पर खेल रहे थे। मकान गिरने के समय दोनों दरवाजे के पास होने के कारण बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अपडेट: 3:30 pm
घटना में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया
इस घटना पर गाजीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि शव को मोर्चरी भेजा गया है और घटना के संबंध में राजस्व विभाग को भी अवगत करा दिया गया है। अन्य आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।







