कासगंज: पिकअप-ट्रक की भीषण टक्कर, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कहाँ और कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहनपुरा में शिव इंटर कॉलेज के सामने हुआ। पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान के करौली और भरतपुर जिलों से अस्थि विसर्जन और गंगा स्नान के लिए सोरोंजी तीर्थ नगरी आ रहे थे, इसी दौरान पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रक शाहजहाँपुर से पशु आहार लेकर जयपुर जा रहा था।

मृतक और घायल

हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएँ और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं, करीब 20 लोग घायल बताया जा रहा हैं, जिनमें 7 बच्चे, 6 महिलाएँ और 7 पुरुष बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल 3 श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार कासगंज जिला अस्पताल में चल रहा है।

प्रशासन की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जाँच जारी

पुलिस हादसे की वजहों की जाँच में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के गलत दिशा में आने और पिकअप चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है। हालाँकि, सही कारण जाँच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

अपडेट 3:13 pm

कासगंज सड़क हादसा: पुलिस ने मृतकों की संख्या 5 होने की पुष्टि की, जांच जारी

कासगंज पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक अपडेट जारी कर मोहनपुरा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, अब तक इस हादसे में 5 लोगों की जान चली गई है।

पुलिस ने क्या कहा?

कासगंज पुलिस के आधिकारिक हैंडल से जारी बयान के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह थाना कासगंज क्षेत्र के ग्राम मोहनपुरा के पास मैक्स पिकअप और ट्रक की दुर्घटना में घायलों को स्थानीय पुलिस द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था, अस्पताल में तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। वहीं, उच्च चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर किए गए 6 घायलों में से दो की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।

घायलों की स्थिति

पुलिस ने बताया कि अन्य सभी घायलों का उपचार जारी है। इस मामले में थाना स्तर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कासगंज ने इस संबंध में बयान भी जारी किया है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement