रातीबड़ थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर पर बाइक के उछलने से गंभीर रूप से घायल हुई 32 वर्षीया महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा 29 जुलाई की रात हुआ था, जिसके छह दिन बाद महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से हुई दुर्घटना में घायल महिला की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय पूजा बंजारा अपने पति हुकुमचंद बंजारा के साथ रसुलिया गांव स्थित घर से बाइक पर किराना सामान लेने निकली थीं। गांव से करीब आधा किलोमीटर आगे पुलिया के पहले सड़क पर बने ऊंचे सीमेंट के ब्रेकर से बाइक अचानक उछल गई।
बारिश के कारण सड़क पर था पानी
हादसा 29 जुलाई की रात को हुआ। उस समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर पानी जमा था। ब्रेकर पर बाइक के उछलने से पीछे बैठी पूजा असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी रही।
छह दिन बाद इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल पूजा का अस्पताल में छह दिन तक उपचार चला, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, पुलिस जांच में यह भी देखा जा रहा है कि पुलिया के पहले बने ब्रेकर की ऊंचाई और संकेतक पर्याप्त थे या नहीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ब्रेकर और बारिश के कारण यह हादसा हुआ।







