मुजफ्फरपुर में एक नवविवाहित दंपति के शव घर के अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। चार महीने पहले हुई शादी को लेकर परिवार में कोहराम मचा है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति और पत्नी के शव घर के अलग-अलग कमरों में दुपट्टे के फंदे से लटके मिले, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार नवादा गांव के वार्ड संख्या-10 की है। मृतकों की पहचान अंजली और उसके पति विजय साहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों की शादी इसी साल मार्च में हुई थी और शादी को अभी चार महीने भी पूरे नहीं हुए हैं।
मां ने खिलाया था खाना, बाहर गई तो मिले शव
मिली जानकारी के अनुसार, अंजली पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी, इसलिए वह अपने मायके आकर रह रही थी। उसका पति विजय अक्सर उससे मिलने ससुराल आता था। रविवार को भी वह ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रविवार रात को घर में सिर्फ अंजली की मां मौजूद थीं। उन्होंने दोनों को खाना खिलाया और फिर किसी काम से बाहर चली गईं। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं, तो पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) भेज दिया है।
पति के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद विजय के परिजनों ने अंजली के घरवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर अंजली ने आत्महत्या की है, तो उसके बाद उनके बेटे विजय की हत्या कर दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, अंजली की मां शीला देवी ने हत्या के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने बताया कि दिन में सब कुछ सामान्य था और उनकी बेटी बीमार थी, इसलिए उसे मायके बुलाया गया था। उनका कहना है, हम दो कट्ठा जमीन बेचकर बेटी की शादी किए थे। कोई अपने बेटी और दामाद को कैसे मार सकता है?
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, जारी है जांच
मामले की जांच कर रही पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर गौर कर रही है। एसडीपीओ (पश्चिम-1) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।







