अयोध्या पुलिस ने राम मंदिर दान चोरी मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा की निशानदेही पर चोरी के पैसों से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार, सोने की चेन और पेंडुलम बरामद किया है। पुलिस काफी समय से इस कार की तलाश कर रही थी।
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा की निशानदेही पर चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजायर कार, सोने की चेन और सोने का पेंडुलम बरामद किया है। इस कार को पुलिस काफी समय से ढूंढ रही थी।
आठ आरोपी गिरफ्तार, SIT रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
राम जन्मभूमि थाने में एसआईटी रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के करीबी भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, टिन्नू यादव, अविनाश शुक्ल, मनीष यादव समेत आठ लोग शामिल हैं। इसके अलावा रिटायर्ड बैंककर्मी और गणना प्रभारी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ला और करुणेश पांडेय को भी आरोपी बनाया गया है।
प्रेमिकाओं को बांटे लाखों, सोना गलाने का भी खुलासा
मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा और अविनाश शुक्ला की अय्याशी और मनी लॉन्ड्रिंग के तरीके सामने आए हैं। दान के पैसों से प्रेमिकाओं को महंगे स्मार्टफोन और लाखों रुपये बांटे गए। वहीं, मंदिर के सोने को गलाने के लिए सर्राफा व्यापारियों का सहारा लिया गया। पुलिस ने देर रात आरोपियों के अयोध्या व पैतृक आवासों पर छापेमारी की और नगद रकम लेकर खातों में पैसे ट्रांसफर करने वालों की पहचान की है। मामले में आगे की जांच जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 10 जुलाई के अयोध्या दौरे से पहले इस खुलासे ने हड़कंप मचा दिया है।

