बेंगलुरु की पत्थर खदान में चट्टान गिरी, 7 बिहारी मजदूरों की मौत, कई घायल

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से सटे इलाके में एक पत्थर की खदान में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के दौरान अचानक चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर मजदूरों पर गिर पड़ा। इस घटना में 7 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए गए हैं। यह घटना बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदपट्टना इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुई। अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय खदान में लगभग 20 मजदूर काम कर रहे थे। सभी मजदूर जमीन से करीब 40 फीट नीचे खुदाई का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले खदान में ब्लास्टिंग भी की गई थी।

मृतक बिहार के प्रवासी मजदूर

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सभी बिहार के प्रवासी मजदूर हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है। कुछ घायल मजदूर कर्नाटक के भी बताए गए हैं। पांच मजदूरों को गंभीर चोटों के साथ इलाज के लिए आरआर अस्पताल ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चट्टान गिरने से पहले मजदूरों को कोई चेतावनी नहीं मिली। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ मजदूर सुरक्षित भागने में सफल रहे, लेकिन कई चट्टान के नीचे दब गए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नहीं लगता कि यह चट्टान ब्लास्टिंग की वजह से गिरी, बल्कि अचानक ही गिर गई, जब मजदूर अपना रोजमर्रा का काम कर रहे थे।

खदान में काम करने वाले एक अन्य मजदूर विनोद ने बताया कि घटना के समय पीड़ित नाइट शिफ्ट के बाद काम संभाल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘जब पत्थर गिरा तो कई मजदूर दब गए। कुछ के पैर कट गए, तो कुछ के हाथ। हम उन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं कर पाए। मैं उस जगह से करीब 10 मीटर दूर था। पीड़ित ड्रिलिंग कर रहे थे और उन्हें ऊपर मौजूद पत्थर का पता नहीं चला।

बचाव कार्य जारी, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शव अभी पत्थरों के नीचे से निकाले जाने बाकी हैं। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूर फंसे हो सकते हैं। भारी पत्थरों ने खुदाई करने वाली मशीनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह बहुत दुखद है कि मदपट्टना में चट्टान टूटने से 7 मजदूरों की मौत हुई। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना खदान मालिकों की जिम्मेदारी है। सरकार नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author