लखीसराय में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। अपनी ही बारात की तैयारी में जुटा दूल्हा करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना लखीसराय जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र के महिसोना गांव की है।
दूल्हा खुद तार जोड़ने लगा
जानकारी के अनुसार, महिसोना गांव निवासी गुलशन कुमार की शाम में पटना बारात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और मेहमानों का आना शुरू हो गया था। इसी दौरान जनरेटर से बिजली का तार जोड़ने का काम आया। दूल्हा गुलशन कुमार खुद ही तार जोड़ने में जुट गया, तभी उसे करंट का झटका लगा और वह बुरी तरह झुलस गया।
परिजनों में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। इस हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशी का माहौल चिंता में बदल गया है। दुल्हन का परिवार भी इस घटना से स्तब्ध है और सभी दूल्हे के जल्द स्वस्थ होने की प्राथना रहे हैं। फिलहाल, दूल्हे की हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
