राजधानी भोपाल के हलालपुरा इलाके में एक पटाखा दुकान में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है।
तड़के लगी आग, पटाखों में होने लगे धमाके
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हलालपुरा स्थित एक पटाखा दुकान में शुक्रवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बैरागढ़ रोड पर सुंदर वन गार्डन के ठीक सामने ‘सोनी पटाखा दुकान’ में यह घटना घटी। आग लगते ही अंदर रखे पटाखों में जोरदार धमाके होने लगे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सुबह के समय यह घटना होने के कारण बाजार में भीड़ नहीं थी, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
दमकल की 10 गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू
फायर ऑफिसर इक्तार शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह 3:55 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से कुल 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल, फायर अधिकारियों के अनुसार आग किस कारण से लगी, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही आग के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
