बीड जिले के पुरुषोत्तमपुरी में अधिक मास यात्रा के दौरान गोदावरी नदी में करीब 50 श्रद्धालुओं से भरी नाव डूब गई। सभी यात्रियों को बचा लिया गया, लेकिन एक 10 वर्षीय बच्चा लापता बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

गोदावरी नदी में नाव पलटने से मची अफरातफरी
महाराष्ट्र के बीड जिले के पुरुषोत्तमपुरी में बुधवार (10 जून, 2026) को एक दर्दनाक घटना घटी। अधिक मास (मलमास) के पुण्य कमाने के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक नाव गोदावरी नदी में अचानक पलट गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नाव में लगभग 50 भक्त सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की त्वरित मदद से अधिकांश यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, एक 10 से 12 वर्ष के बीच का बच्चा नदी में लापता हो गया। बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षमता से अधिक सवारी और सुरक्षा उपेक्षा के आरोप
पुरुषोत्तमपुरी में भगवान पुरुषोत्तम का देश का एकमात्र मंदिर है, जहाँ अधिक मास यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नाव में क्षमता से अधिक लोगों को बिठाने के कारण हुई।
सुरक्षा इंतजामों पर उठ रहे सवाल
चश्मदीदों और महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि नाव पलटने के बाद वे गहरे पानी में डूब गई थीं, लेकिन किसी तरह बाहर निकल सकीं। उनका आरोप है कि, नाव संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है सवारियों को लाइफ जैकेट तक नहीं दी जा रही है कोई पर्याप्त निगरानी व्यवस्था नहीं है, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। हालांकि, फिलहाल इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लापता बच्चे की तलाश जारी है।