मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक ही परिवार की चार जिंदगियों के खत्म होने से हड़कंप मच गया है। पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव में एक महिला ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में मां समेत तीनों बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मरने वाली मासूम की बयान पर हो रही जांच
घटना शनिवार (30 मई) की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय अनीता सिंह के रूप में हुई है। उनकी बेटियों में 7 वर्षीय अर्पिता, 4 वर्षीय कृष्णकुमारी और 2 वर्षीय रितिका शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अनीता के पति ट्रक ड्राइवर हैं और रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं। पपौंध थाना प्रभारी बृजेन्द्र मिश्रा के अनुसार, घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। परिजनों और पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अनीता और दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। एक बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बच्ची के मरने से पहले बताया था पूरा मामला
पुलिस को घटना का खुलासा एक मरती हुई बच्ची के बयान से हुआ। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही बच्ची ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें जहर दिया और खुद भी उसी पदार्थ का सेवन किया। इस बयान के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिवार मूल रूप से तिखवा गांव का रहने वाला है। अनीता अपनी तीन बेटियों के साथ हिरवाह गांव में सात एकड़ जमीन पर बने प्रधानमंत्री आवास में रह रही थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर संभावित कोण से जांच कर रही है। पति को घटना की सूचना दे दी गई है।