शेखपुरा: पति ने पत्नी को मारी गोली, भीड़ ने पति की पीटकर हत्या कर दी | Bihar News

बिहार के शेखपुरा जिले में एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां पति ने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, वहीं घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पति को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शेखपुरा: पति ने पत्नी को मारी गोली, भीड़ ने पति की पीटकर हत्या कर दी | Bihar News“प्रतिनिधिक तस्वीर”

रेलवे फाटक के पास हुई वारदात

यह घटना शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के कैथवां गांव के समीप रेलवे फाटक के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवादा जिले के सुल्तानपुर गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदीप ठाकुर बाइक से वहां पहुंचा। आरोपी ने ई-रिक्शा से अपनी 25 वर्षीय पत्नी प्रतिमा देवी को नीचे उतारा। इसके बाद उसने कमर में छिपाकर रखे देशी पिस्टल से एक के बाद एक चार गोलियां अपनी पत्नी पर दाग दीं। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा।

भीड़ ने पति को पकड़कर पीटा

गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने भाग रहे आरोपी पति को पकड़ लिया। लोगों ने उससे हथियार छीन लिया और फिर जमकर पिटाई शुरू कर दी। इस पिटाई में प्रदीप ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला प्रतिमा देवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से सुमका गांव की रहने वाली है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से देशी पिस्टल और कई खोखे बरामद किए हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि थाना से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर घटना घटित हुई, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी।

गिरफ्तारी के आदेश

स्थानीय पुलिस अधिकारी धीरज कुमार ने बताया है कि पुलिस टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटना में प्रयुक्त हथियार और खोखे बरामद कर लिए गए हैं। मॉब लिंचिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

उज्जैन नागदा: घरेलू विवाद में युवक की मौत, पत्नी-बच्ची समेत तीन झुलसे | Ujjain News

Author

Leave a Comment

📢 Sponsored
Property Advertisement